मुरैना। पुलिसकर्मियों के बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुरैना पुलिस लाइन में लर्निंग सेंटर (लाइब्रेरी) खोली गई। बुधवार को एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान एवं एएसपी डा. अरविंद ठाकुर ने इस लर्निंग सेंटर का उद्घाटन किया, जिसमें पुलिसकर्मियों व उनके परिवारों के 40 से ज्यादा बच्चे भी शामिल हुए। उद्घाटन अवसर पर एसपी ने पुलिसकर्मियों के बच्चों से चर्चा करते हुए कहा, कि लर्निंग सेंटर में पढ़ाई का बेहतर माहौल मिलेगा। पढ़ाई के लिए जो किताबे चाहिएं, वह सब यहां मिलेंगी। सप्ताह में एक दिन विषय विशेष की कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें छात्र-छात्राओं के मोटिवेशन के लिए विशेषज्ञ शामिल होंगे। लर्निंग पाइंट से बच्चों को घर पर पढ़ने के लिए किताबें दी जाएंगी, इसके लिए केयर टेकर भी तैनात किया जाएगा। इस अवसर पर आरआई कनक सिंह चौहान, सूबेदार हरेंद्र सिंह राजावत, गजेंद्र सिंह परमार आदि मौजूद थे।