इंदौर। राऊ विधानसभा से आज ट्रेक्टर रैली निकाली जा रही है। यह रैली 3200 एकड़ में विकसित किए जा रहे इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमी कॉरिडोर के खिलाफ चुनाव के चलते 16 गाँव के किसान निकाल रहे हैं। जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी इस युवा किसान क्रांति ट्रैक्टर यात्रा की आगुआई कर रहे हैं।
ट्रेक्टर रेली में 500 से ज्यादा ट्रैक्टर शामिल होने का दावा किया जा रहा है। ट्रैक्टर मार्च नैनोद से शुरू होकर सिंदोड़ा, रंगवासा, राऊ तक पहुंच गया है। यहां से राजीव गांधी चौराहे से कलेक्टर कार्यालय होते हुए एमपीआईडीसी के तक निकाली जाएगी। रैली के दौरान किसान कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
पिछले दिनों किसानों के संगठनों ने कॉरिडोर का विरोध करते हुए धरने-प्रदर्शन की घोषणा की थी। जिसमें राऊ के कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने शामिल होकर कहा था कि वह नेता होने के नाते नहीं बल्कि किसान होने के नाते इस रैली का हिस्सा बनेंगे। रैली को लेकर पटवारी का कहना है कि किसानों के साथ अत्याचार नहीं होने देंगे। बता दें कि ट्रेक्टर मार्च कि कमान इस बार युवा किसानों के हाथ में है।
19.75 किलोमीटर लम्बा और 75 मीटर चौड़ा यह कॉरिडोर पर व्यावसायिक गतिविधियों होंगी। एयरो सिटी, फिंटेक सिटी से लेकर डाटा सेंटर, होटल, आईटी, फिल्म, मीडिया सहित अन्य तमाम गतिविधियां भी यहां संचालित की जाना है। एमपीआईडीसी द्वारा यह कॉरिडोर निर्मित किया जा रहा है। इसमें 3200 एकड़ जमीन शामिल की जाना है।
इंदौर के नैनोद से लेकर सोनवाय, टीही और फिर धन्नड़ ट्रायपोर्ट से ये कॉरिडोर जुड़ेगा। जिसमें दोनों तरफ 300-300 मीटर तक की जमीनें ली गई हैं। एमपीआईडीसी का कहना है कि वैसे तो अधिकांश किसान योजना से सहमत हैं, क्योंकि इससे उन्हें आर्थिक लाभ भी अच्छा-खासा होगा। नकद मुआवजे के बदले 50 प्रतिशत विकसित भूखंड लैंड पुलिंग पॉलिसी के तहत दिए जाएंगे।