नीमच। प्रदेशभर में इन दिनों मानसून की झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी रूक-रूककर वर्षा का दौर जारी है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 23.1 इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 41.1 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 19-20 सितंबर से एक और साइक्लोनिक सर्कुेलेशन बनेगा। इसके असर से 21 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश होगी। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी से नया सिस्टम एक्टिव हुआ है। इस सिस्टम के स्ट्रॉन्ग होने के वजह से आज प्रदेश के 90 प्रतिशत हिस्से में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में शहडोल, डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, गुना, अशोकनगर, सिंगरौली, रीवा, सतना, अनूपपुर, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह और सागर में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सीधी, उमरिया, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।