मंदसौर। पुलिस महानिदेशक (मप्र) सुधीर कुमार सक्सेना (भापुसे) के निर्देशन में पुलिस कर्मियों के बच्चों के कौशल एवं व्यक्तित्व विकास हेतु पुलिस लाईन परिसर में पढाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उचित वातावरण निर्माण करने के उद्देश्य से प्रदेश की समस्त ईकाईयों मे लर्निंग सेंटर स्थापित करने की महत्वकांक्षी योजना की शुरुआत की गई है जिससे पुलिस परिवार के बच्चे एवं युवा, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पुलिस लाईन परिसर में ही कर सकेंगे।
मंदसौर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं अति पुलिस अधीक्षक गोतम सोलंकी के मार्गदर्शन में जिला पुलिस लाईन मंदसौर में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के बालक बालिकाओं के अध्ययन हेतु सुरम्य वातावरण में स्थापित लर्निंग सेंटर का उद्धघाटन किया गया।
उक्त कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह, एसडीओपी ग्रामीण किर्ती बघेल, रक्षित निरीक्षक डॉ कृष्णप्रताप सिंह तोमर, सूबेदार शमीम राणा, यातायात प्रभारी सूबेदार शैलेन्द्र सिंह चौहान, निरीक्षक संदीप सिंह थाना प्रभारी नई आबादी, उनि धर्मेश यादव थाना प्रभारी वाईडी नगर एवं पुलिस लाईन का समस्त स्टाफ तथा पुलिस परिवार के बच्चे उपस्थित रहे।
लर्निंग सेंटर में पुलिस अधिकारी /कर्मचारियों के बालक-बालिकाओं के अध्ययन हेतु टेबल, चेयर, बुक शेल्फ आदि लगाई गई साथ ही कम्प्युटर के बैसिक कोर्स माईक्रोसाफ्ट ऑफिस, इंटरनेट, टाईपिंग आदि सीखने के लिये कम्प्युटर की व्यवस्था कर इंटरनेट कनेक्शन भी प्रदाय किया गया है। समसामयिकी के लिए राष्ट्रीय स्तर के न्युज पेपर एवं मासिक पत्रिका भी उपलब्ध कराई गई है।