बड़वानी। मुझे खुशी है कि मेरे सहित तीन सौ से अधिक विद्यार्थियों को कॅरियर सेल के द्वारा किये जा रहे एक और नवाचार का हिस्सा बनने का अवसर मिल रहा है। वोकेशनल कोर्स व्यक्तित्व विकास के सीसीई एवं प्रेक्टिकल के अंतर्गत हम पर्सनालिटी विजिट डायरी तैयार कर रहे हैं। इसमें समय-समय पर कॉलेज में आने वाले विभिन्न क्षेत्रों के सफल व्यक्तित्वों के विचारों और उनकी विशेषताओं को अंकित कर रहे हैं। हम उनके बोलने के ढंग, बॉडी लेंगुएज, भाषा, विचार आदि का बारीकी से अवलोकन कर रहे हैं। उनकी सफलता की यात्रा में उन्होंने जो संघर्ष किये उनके बारे में जान रहे हैं। ये सब हमारे अपने कॅरियर में सफलता के सूत्र बनेंगे।
ये बातें शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी के स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित व्यक्तित्व विकास कार्यशाला में प्रतिभाशाली विद्यार्थी तुषार गोले ने कहीं। आयोजन प्राचार्य डॉ. दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। यह है नवाचार कार्यकर्तागण प्रीति गुलवानिया और वर्षा मुजाल्दे ने बताया कि इस सत्र ने हमने एक और नवाचार किया है। विद्यार्थियों से पर्सनालिटी विजिट डायरी मेंटेन करवाई जा रही है। विद्यार्थीगण सुंदर ड्राइंग बुक में पर्सनालिटीज का ब्यौरा लिख रहे हैं। इसमें वे उनके जीवन वृत्त और व्यक्तित्व की विशेषताओं का विश्लेषण कर रहे हैं।
इस सत्र में कॅरियर सेल ने विद्यार्थियों को अब तीन व्यक्तित्वों से भेंट करवाई है। ये हैं- ओडिशी नृत्यांगना शताब्दी मल्लिक, कलकत्ता, पश्चिम बंगाल, धीरज सगोरे, चित्रकार एवं मूर्तिकार तथा देवी अहिल्या विवि के मेरिट होल्डर एवं राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर पदस्थ अंतिम मौर्य। पूरे सत्र भर यह प्रक्रिया संचालित होती रहेगी। इस दौरान विद्यार्थियों को तीस से अधिक स्थानीय और अन्य शहरों के बहुआयामी व्यक्तित्वों से विजिट करवाया जाएगा। इसका विद्य़ार्थियों को बहुत लाभ होगा। उन्हें प्रेरणा मिलेगी। सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा। अपने लिए लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने में सहयोग मिलेगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा। आयोजन में सहयोग कॅरियर सेल के कार्यकर्तागण राहुल वर्मा, अक्षय चौहान, सुभाष चौहान, भियारी गुर्जर, पूनम कुशवाह, स्वाति यादव, उमेश किराड़, सतीश अवास्या, डॉ. मधुसूदन चौबे आदि दे रहे हैं।