नीमच। शहर के गोधाम बालाजी मंदिर के समीप गुरूवार रात एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने अज्ञात 6-7 बदमाशों पर हमला कर नगदी एवं मोबाइल लूट ले जाने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवयुवक मंडल के सक्रिय सदस्य महावीर हिंगड़ ने बताया कि गुरूवार रात करीब 9.30 बजे गोधाम बालाजी मंदिर के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की। उनका आरोप है कि हमलावर उनके पास से नगदी एवं मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें केंट थाना एवं बघाना थाना की सीमा को लेकर इधर-उधर भेजा गया, जिससे तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। उनके अनुसार बाद में उन्हें गुरुवार सुबह 11 बजे केंट थाना बुलाया गया।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।