विदिशा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत आज श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय जिला चिकित्सालय में अनुष्का फाउंडेशन संस्था के द्वारा क्लब फुट क्लीनिक की शुरुआत की गई है जिसमें फाउंडेशन की ओर से बच्चों को निशुल्क विशेष प्रकार के शूज उपलब्ध कराए जाएंगे।
सिविल सर्जन डॉक्टर शिरीष रघुवंशी ने बताया कि विदिशा जिला अस्पताल में हर बुधवार को क्लब फुट क्लीनिक का संचालन किया जाएगा। जिन बच्चों मे तिरछे पैर क्लब फुट की समस्या है वे इस दिन विदिशा जिला चिकित्सालय में आकर बच्चों का इलाज करा सकेंगे। अनुष्का फाउंडेशन द्वारा यहां बच्चों को विशेष प्रकार के जूते निशुल्क दिए जाएंगे तथा समय-समय पर जागरूकता अभियान और कैंप का आयोजन भी किया जाएगा। जिन बच्चों को पूर्व में कास्टिंग एवं तिरछे पैर का इलाज हो चुका है उन्हें फॉलोअप के लिए डीईआईसी केंद्र जाना होगा, ताकि चिन्हित बच्चों को अनुष्का फाउंडेशन द्वारा जूते प्रदान किये जा सकें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर योगेश तिवारी, डॉक्टर एके उपाध्याय, डॉक्टर समीर किरार, डॉक्टर राकेश सक्सेना, नर्सिंग ऑफिसर, आरबीएस के टीम एवं अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर आशीष भदौरिया समेत अन्य मौजूद रहे।