इंदौर। जैन समाज के तीर्थ स्थल गोम्मटगिरी पर अतिक्रमण का विवाद फिर गहरा गया। बुधवार दोपहर 2 बजे जैन समाज के लोग पर्युषण पर्व छोड़ गांधीनगर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। वे अतिक्रमण करने वाले गुर्जर समाज के लोगों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। विरोध बढ़ता देख भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आधी रात को बैठक बुलाई। बैठक में तय हुआ कि जैन और गुर्जर समाज के दो या तीन-तीन प्रतिनिधियों के साथ बैठ कर मसले का हल निकाला जाएगा।
समाज के लोगों सहित कलेक्टर इलैया राजा टी और पुलिस अधिकारियों को बुलाया गया। बैठक में मौजूद जैन समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि गुर्जर समाज द्वारा गोम्मटगिरी पथ पर अतिक्रमण और गुंडागर्दी की जा रही है। जैन समाज का प्रदर्शन 16 घंटे से भी अधिक चला। इस दौरान समाज के लोग थाने के सामने ही सो गए। सभी लोग गुरुवार सुबह 6 बजे गांधी नगर थाने से घर लौटे।
जैन समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रवक्ता राजेश जैन दद्दू ने बताया कि बुधवार देर रात 40 मिनट तक चली मीटिंग में कलेक्टर ने दो दिन का समय मांगा है। इसलिए समाज के लोगों अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बात को मानते हुए आज सुबह से धरना प्रदर्शन ख़त्म कर दिया है। दो दिन में निराकरण नहीं निकला तो फिर आंदोलन किया जाएगा।
इससे पहले बुधवार दोपहर 2 बजे जैन समाज के लोग गांधी नगर थाने पहुंचे। उनका कहना था कि गोम्मटगिरी की सीमा पर गुर्जर समाज के कुछ लोग अवैध निर्माण का प्रयास कर रहे हैं। पिलर खड़े करने के लिए गड्ढे खोदकर सरिए डाले गए हैं। सूचना मिलते ही जैन समाज के लोग गोम्मटगिरी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।