खरगोन। जिले के कसरावद तहसील के ग्राम बड़गांव में अज्ञात चोरों द्वारा किसानों के नौ सिंचाई मोटर पंप चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में आक्रोश है और सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से फसलों पर संकट गहराने लगा है।
जानकारी के अनुसार चोर नर्मदा नदी किनारे लगे सिंचाई मोटर पंप काटकर अपने साथ ले गए। मोटर पंप चोरी होने से किसानों की सिंचाई प्रभावित हो गई है, जिससे खड़ी फसल के खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
पीड़ित किसान नरेंद्र पटेल ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से एक चोर गिरोह सक्रिय है। उनका आरोप है कि बदमाश नाव के जरिए नर्मदा नदी पार कर क्षेत्र में पहुंचते हैं और चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। किसानों का कहना है कि इससे पहले भी नर्मदा पट्टी से लगे गांवों में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कसरावद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है तथा किसानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
किसानों ने पुलिस प्रशासन से मोटर पंप चोरी करने वाले गिरोह का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और नर्मदा किनारे नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की भी मांग की है।