नीमच। कैंट थाना पुलिस ने महू रोड स्थित एक कूरियर ऑफिस में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस आरोपियों से लूटी गई नकदी एवं वारदात में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पूर्व महू रोड स्थित एक कूरियर ऑफिस में बदमाशों ने घुसकर वहां मौजूद युवक पर चाकू से हमला कर करीब 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस लूटकांड को नीमच और मंदसौर जिले के आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो मंदसौर जिले के कचनारा क्षेत्र, दो मल्हारगढ़ क्षेत्र तथा एक नीमच का निवासी है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय आरोपी ने वारदात से पहले रेकी कर गिरोह की मदद की थी।
कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब लूटी गई राशि की बरामदगी और गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है।