चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस ने ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2012 के चर्चित हाईवे लूट एवं अपहरण मामले में पिछले 14 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार के ईनामी एवं टॉप-10 वांछित आरोपी अब्दुल मन्नान उर्फ मुन्ना को हरियाणा के ओल्ड फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन श्सुदर्शन चक्र-2श् के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र के सुपरविजन में थाना मंगलवाड़ पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को ओल्ड फरीदाबाद (हरियाणा) से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह था पूरा मामला-
पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर 2012 को विकास रोड कैरियर्स, दिल्ली के ट्रैफिक सुपरवाइजर कुलदीप शर्मा ने थाना मंगलवाड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी कंपनी का ट्रक 3 सितंबर 2012 को सिलवासा (गुजरात) से 15,070 किलोग्राम कॉपर कॉयल लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हुआ था। अगले दिन मंगलवाड़ के पास नीली बत्ती लगी स्कॉर्पियो और सेंट्रो कार में सवार बदमाशों ने ट्रक को रुकवाकर चालक और खलासी का अपहरण कर लिया, उनके हाथ-पैर बांध दिए तथा ट्रक सहित कॉपर कॉयल लूटकर फरार हो गए। बाद में दोनों को उत्तर प्रदेश के बरसाना क्षेत्र में छोड़ दिया गया था। मामले में जांच के दौरान पुलिस पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी अब्दुल मन्नान उर्फ मुन्ना पिछले 14 वर्षों से फरार चल रहा था।
कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर अपराध-
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा में लूट एवं डकैती के सात प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल द्वारा मकोका एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है तथा उत्तर प्रदेश में पुलिस हिरासत से फरार होने का एक प्रकरण भी न्यायालय में विचाराधीन है।
इनकी रही अहम भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवानलाल, एएसआई जगदीश चंद्र, आरक्षक राकेश कुमार, गजेन्द्र सिंह, सुनील, प्रदीप कुमार एवं भान सिंह की विशेष भूमिका रही।