चित्तौड़गढ़। जिले की भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत बोराव में गुरुवार रात आयोजित रात्रि चौपाल जनसंवाद एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच बनी। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों और युवाओं से मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विद्यालय भवन की छत निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। जिला कलक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
रात्रि चौपाल के दौरान मंगला पशु बीमा योजना के तहत हितग्राहियों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, चिकित्सा सुविधा, पुलिया निर्माण, सीसी रोड, स्पीड ब्रेकर, बिजली कनेक्शन, राजस्व रिकॉर्ड संशोधन, भूमि विवाद एवं रास्तों से संबंधित समस्याएं रखीं। जिला कलक्टर ने सभी मामलों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (रावतभाटा) राजलक्ष्मी गहलोत, बेगूं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, तहसीलदार विवेक गरासिया, विकास अधिकारी ग्यारसीलाल मीणा, विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।