विदिशा। जिले का हर मतदाता अपने मतो का उपयोग मतदान केन्द्रो पर पहुंचकर निर्विघ्न निसंकोच होकर करें का संदेश हर मतदाता तक पहुंचाने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर भार्गव के निर्देशानुसार स्वीप गतिविधियों के नवाचारो के माध्यम से संदेश प्रसारित किए जा रहे है।
जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप के जिला नोडल अधिकारी डॉ योगेश भरसट ने बताया कि शनिवार 14 अक्टूबर को मतदाता जागरूकता के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। उक्त साइकिल रैलीे मेें कलेक्टर सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों के साथ-साथ सभी गणमान्य नागरिकों को साइकिल रैली में शामिल होने का आव्हान किया गया है ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक मतदान करने का संदेश पहुंचे और वे बिना भय के मतदान कर सकें।
मतदाता जागरूकता साइकिल रैली शनिवार को एसएटीआई से प्रातः आठ बजे रवाना होगी जो मुख्य मार्ग से होते हुए जिला खेल स्टेडियम परिसर में सम्पन्न होगी। उक्त रैली में सभी अपनी-अपनी सहभागिता निभाएं की अपील की गई है।