भोपाल। टिकटों के बंटवारे से उपजे बवाल के बाद कांग्रेस 3 सीटों पर उम्मीदवार बदलने पर विचार कर रही है। जिस शिवपुरी से वीरेंद्र रघुवंशी का टिकट न होने पर कमलनाथ का दिग्विजय और जयवर्धन के कपड़ा फाड़ो का बयान वायरल हुआ था, उसपर वीरेंद्र सिंह रघुवंशी को उतारा जा सकता है।
वहां से वर्तमान में उम्मीदवार केपी सिंह के लिए तीसरी बार पिछोर का टिकट बदला जा सकता है। 15 अक्टूबर को जारी पहली सूची में शैलेंद्र सिंह को पिछोर से टिकट दिया गया। 22 अक्टूबर को शैलेंद्र का टिकट ड्राप कर अरविंद सिंह लोधी को टिकट दे दिया गया। केपी इस सीट से 6 बार से विधायक हैं।
इधर, सुमावली सीट से विधायक अजब सिंह कुशवाह का टिकट काट कर कुलदीप सिंह सिकरवार को उम्मीदवार बनाया गया गया था। इसके बाद से चल रहे बवाल को थामने के लिए अजब सिंह कुशवाह को वापस टिकट दिया जा सकता है।
उधर, सोमवार को दिग्विजय सिंह ने संकेत दिए कि कमलनाथ और मैंने वीरेंद्र रघुवंशी को टिकट देने का वादा किया था। इस बारे में हम आगे विचार भी कर रहे हैं। मप्र प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला एक दो दिन में दिल्ली जाएंगे, उसके बाद ये बदलाव होंगे।
कांग्रेस ने आखिरी सीट से भी प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अब आमला से पिछली बार प्रत्याशी रहे मनोज मालवे ही चुनाव लड़ेंगे। सोमवार रात करीब 9 बजे इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई। 2018 में मालवे भाजपा प्रत्याशी डॉ. योगेश पंडाग्रे से 19,197 वोटों से हार गए थे।
मनोज नगर पालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं। दूसरी ओर डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को लेकर सोमवार को जीएडी से फाइल मुख्य सचिव के पास पहुंच गई। संभव है एक-दो दिन में निशा का इस्तीफा मंजूर हो जाए। ऐसा हुआ तो ये टिकट भी बदल सकता है।