देवास। देवास जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भण्डार कर किसानों को खाद विक्रय केन्द्रों से लगातार खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने देवास मे खाद विक्रय केन्द्रों पर जाकर खाद विक्रय कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद विक्रय केन्द्रों पर कमियां पाई जाने पर उपायुक्त सहकारिता परमानंद गोडरिया और महाप्रबंधक सीसीबी परमजीत सिंह पुरी का 05-05 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुप्ता ने किसानों से चर्चा की उनकी समस्याओं को जाना और संबंधित अधिकारियों को खाद वितरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।कलेक्टर गुप्ता ने कहा देवास मण्डी में किसानों को खाद संबंधित जानकारी देने के लिए माईक उपयोग करें। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम देवास बिहारी सिंह, उप संचालक कृषि आर.पी. कनेरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि खाद विक्रय केन्द्रों पर पानी, टेंट और बैठक व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें। किसानों को आने वाले दिनों के लिए टोकन अग्रिम रूप से वितरित कर दें, जिससे किसानों को परेशानी नहीं हो। किसान निश्चित दिनांक पर ही खाद लेने खाद विक्रय केन्द्रों पर पहुंचे। अधिकारी खाद विक्रय केन्द्रों पर प्रतिदिन जाकर नियमित रूप से मॉनिटरिंग भी करें।