मनासा। कुंकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली इस्तमरार में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। रविवार देर रात युवक को कथित तौर पर चोर समझकर कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उसके साथ बर्बरता की गई।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय युवक विकल्ली क्षेत्र से सेमली इस्तमरार गांव पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध मानकर पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को रस्सियों से बांधकर लाठियों से मारपीट की गई तथा सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए उसके गले में जूतों की माला पहनाई गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पीड़ित युवक का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया। सुबह किसी तरह मुक्त होने के बाद वह कुंकड़ेश्वर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद एवं प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होना सामने आ रहा है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।