चित्तौड़गढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव अंबेडकर ब्लड फाउंडेशन द्वारा 1 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक विशाल पौधा वितरण एवं पौधारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आमजन को निःशुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पौधा वितरण के प्रमुख केंद्रों में कलेक्ट्रेट चौराहा, प्रतापनगर, सुभाष चौक, निंबाहेड़ा सहित डोर-टू-डोर वितरण अभियान भी शामिल रहेगा।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित करना है।
फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से इस जन-अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की है।