नीमच। शहर के एसआर कॉलेज ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए शैक्षणिक विस्तार की घोषणा करते हुए बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) एवं बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। वहीं एलएलबी (बैचलर ऑफ लॉ) पाठ्यक्रम की मान्यता सक्षम प्राधिकारी स्तर पर अंतिम प्रक्रिया में है।
कॉलेज प्रबंधन समिति के सदस्य संदीप लोहार ने बताया कि संस्थान में पिछले कई वर्षों से डी.एल.एड., बी.एड., बी.फार्मा, डी.फार्मा एवं एमबीए जैसे पाठ्यक्रम पूर्ण मान्यता के साथ सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीसीए और बीबीए पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए आवश्यक सभी अनुमतियां प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि एलएलबी पाठ्यक्रम के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। सक्षम प्राधिकारी से अनुमति मिलते ही एलएलबी में प्रवेश प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में केवल एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता प्रक्रियाधीन है, जबकि संस्थान के अन्य सभी पाठ्यक्रम पूर्णतः मान्यता प्राप्त हैं। कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारी के लिए केवल महाविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें उच्च शिक्षा और बेहतर करियर के अवसर प्रदान करना है।