खरगोन। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मवीर शर्मा ने कृषि उपज मण्डी प्रांगण का निरीक्षण कर मतदान सामग्री वितरण एवं मतदान के उपरांत सामग्री प्राप्ति के दौरान वाहन पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर लक्ष्मी गामड़, डिप्टी कलेक्टर स्वाति मिश्रा, मण्डी सचिव लक्ष्मणसिंह ठाकुर एवं परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर शर्मा ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि 15 नवंबर से मण्डी प्रांगण में मतदान दलों को ले जाने वाली बसें एवं वाहन खड़े हो जाए। मण्डी प्रांगण में वाहन पार्किंग की व्यवस्था इस तरह से बनाई जाए कि किसी को भी परेशानी न हो।
विधानसभा निर्वाचन-2023 के दौरान 16 नवंबर को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खरगोन में मतदान सामग्री का वितरण व 17 नवंबर को मतदान सामगी वापस प्राप्त की जाएगी। मतदान सामग्री वितरण एवं वापस जमा करने के लिए पोलिंग पार्टी दल/सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचन कार्य में लगे अन्य दलों के अधिकारी व कर्मचारियों के वाहनों के आने-जाने व रूकने के लिए मण्डी प्रांगण में पार्किंग व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, रोशनी, साफ-सफाई, फायर फाईटर, चलित शौचालय, बिजली प्रवाह निरंतर चालू रखने, डॉक्टर्स की टीम, एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया है।