भोपाल। हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने मंगलवार को वार्ड-85 अंतर्गत बिलखिरिया मंडल में जनसंपर्क किया। उन्होंने जनता को वर्तमान कार्यकाल में कराए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ लोगों की सेवा करना ही मेरी पहली प्राथमिकता है और निरंतर सेवा करने के लिए आशीर्वाद लेने आया हूं।
शर्मा ने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र की सभी जर्जर एवं कच्ची सड़कों का कायाकल्प किया है। कोई भी गांव विकास की रोशनी से अछूता नहीं रहा है। सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों के लोगों तक पहुंचे, इसके लिए हर समय तत्पर रहता हूं। मैंने नागरिक सुविधा का ऐसा मॉडल तैयार किया है कि प्रदेश में मिसाल है। विकास में भी हम अग्रणी बन गए हैं।
शर्मा ने बिलखिरिया मंडल में लोगों से मुलाकात की और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। इस दौरान उनका घर-घर में अभिनंदन किया गया। जनता द्वारा उन्हें फूलों की माला पहनाकर और आरती उतारकर शुभकामनाएं दी गईं।