भोपाल। पुरानी पेंशन को लेकर नाराज कर्मचारियों ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है। जिलों से मिल रहे फीडबैक के बाद अब बीजेपी के केंद्रीय नेताओं की टीम कर्मचारी संगठनों के साथ मुलाकात कर रही है। इसमें नेशनल पेंशन स्कीम को बेहतर बताते हुए कर्मचारियों के सुझावों को शामिल कराने का आश्वासन दिया जा रहा है।
शुक्रवार को इसको लेकर बीजेपी के केंद्रीय नेताओं की बैठक में कर्मचारी संगठनों को समझाइश देने का काम किया गया। बीजेपी ने कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अधिकारियों-कर्मचारियों के हितों और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति अत्यंत संवेदनशील है।
इन्हें बताया गया कि केंद्र शासन द्वारा शासकीय सेवकों के लिए वर्तमान में लागू नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के प्रावधानों को अधिक व्यावहारिक और कर्मचारियों के लिए अधिक लाभप्रद बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के वित्त सचिव टीवी सोमनाथन की अध्यक्षता में अप्रैल 2023 में कमेटी गठित की गई है।
यह कमेटी समस्त हितधारकों से चर्चा कर उनसे सुझाव प्राप्त करने के उपरांत नेशनल पेंशन सिस्टम में संशोधन संबंधी अपने सुझाव देगी। केन्द्रीय कार्मिक मंत्रालय के सचिव, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के वित्त सचिव और पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन समिति के सदस्य हैं।