विदिशा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को पहली बार घर से मतदान करने की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस सुविधा के तहत् विदिशा जिले की पांचों विधानसभाओं में चिन्हित मतदाताओं ने घर से ही अपना मतदान किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर भार्गव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न मतदान केन्द्रों के 80 वर्ष से अधिक उम्र के और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं ने जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत् कुल 294 मतदाताओं ने घर बैठे मतदान करने की सहमति संबंधी निर्धारित फार्म भरकर दिया है। पांचो विधानसभाओें में पृथक-पृथक मतदान दलो का गठन कर इस प्रकार के मतदाताओं के घरो में पहुंचकर मतदान कराया जा रहा है। जिले में दो दिन तक उपरोक्त मतदान प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि संबंधित मतदान केन्द्र के बीएलओ द्वारा 80 वर्ष से अधिक एवं दिव्यांग श्रेणी के मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने हेतु उन्हें अपने निवास पर उपस्थित रहने हेतु एक दिन पूर्व सूचना पत्र भेजे गए जिससे वह अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।