विदिशा। शारीरिक रूप से सशक्त वयोवृद्ध वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाता पहली बार घर पहुंच मतदान सुविधा से खुश हुए हैं। मतदान दल के द्वारा ऐसे मतदाता जो मतदान केंद्र पहुंचकर वोट देने में सक्षम नहीं है उनके घर पर ही मतदान केंद्र बनाकर मतदान के कार्यों का संपादन कर रहे हैं। जिसके तहत आज विदिशा विधानसभा क्षेत्र के छीरखेड़ा ग्राम में निवासरत 82 वर्षीय चुन्नीलाल ने घर पहुंच मतदान सुविधा पर प्रसन्नता जाहिर की है।
12 डी फॉर्म भरने के उपरांत आज मतदान कर्मियों की टीम उनके निवास पर पहुंची तो वह पलंग पर लेटे हुए थे बिना किसी परेशानी के उनके घर के आंगन में ही मतदान केंद्र बनाया गया और 82 वर्षीय चुन्नीलाल ने मतदाता साथी अपने पुत्र राम सिंह के साथ मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
आयोग ने पहली बार ऐसी व्यवस्था की जिसमें ऐसे मतदाता जो चलकर मतदान केंद्रो तक नहीं जा सकते चाहे वो 80 वर्ष से अधिक आयु के हो या दिव्यांगजन हो। आयोग की इस नई व्यवस्था का पालन करते हुये जिला निर्वाचन कार्यालय विदिशा द्वारा विधानसभावार चलित मतदान केंद्रो के लिये टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें संबंधित मतदाताओं तक पहुंचकर उनके घर पर ही मतदान कराने के लिये पहुंच रही है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर भार्गव ने आयोग के निर्देशानुसार जिले में कुछ ऐसे नये मतदान केंद्रो का गठन किया जो ज्यादा दूरी पर स्थित थे या दूर्गम क्षेत्रों में थे। ऐसे क्षेत्रों को चिन्हांकित कर वहां के 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं को सहुलियत देने का कार्य किया है।