इंदौर। जिले में विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर आदर्श आचरण संहिता और आबकारी अधिनियम का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी के निर्देश पर उक्त संबंध में अभियान चलाकर आबकारी विभाग के अमले द्वारा कार्यवाही लगातार की जा रही है। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त मनीष खरे ने बताया कि आबकारी विभाग के अमले द्वारा आदर्श आचरण संहिता लागू होते ही इसके पालन संबंधी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि विगत 9 अक्टूबर से 9 नवम्बर 2023 तक एक माह में अवैध मदिरा विक्रय, संग्रह और निर्माण करने वालों, शराब की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की गई। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में 1724 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये। इन प्रकरणों में 23 हजार 100 लीटर अवैध मदिरा, 63 हजार 832 किलोग्राम महुआ लहान तथा 18 वाहन जप्त किये गये है। उक्त जप्त समस्त सामग्री की कीमत लगभग एक करोड़ 32 लाख 51 हजार 133 रूपये है। इस अवधि में मदिरा दुकानों पर भी लगातार निगरानी की गई है। इसी प्रकार की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।