गुना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने गुना विधानसभा क्षेत्र के भादौर ग्राम में चुनावी आमसभा को संबोधित किया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि 20 सालों से कांग्रेस गुना विधानसभा नहीं जीत पाई है, पार्टी को उम्मीद थी कि वे सिंधिया जी के साथ मिलकर गुना का विकास करेंगे। लेकिन ज्योतिरादित्य ने गांधी परिवार और कांग्रेस को धोखा दिया और भाजपा में शामिल हो गए। जिस पार्टी ने ज्योतिरादित्य और उनके पिता को सबकुछ दिया, उन्होंने उसे ही धोखा दे दिया।
दिग्विजय सिंह ने इस क्षेत्र की प्रशंसा करते हुए अपनी राजनीति के शुरुआती दिन याद करते हुए बताया कि अगर भादौर और आसपास की जनता ने 1977 में उन्हें चुनाव नहीं जिताया होता तो वह मुख्यमंत्री नहीं बन पाते। वे इस क्षेत्र में रहने वाले परिवारों से व्यक्तिगत रूप से वाकिफ हैं और उनका पारिवारिक नाता है।