विदिशा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर भार्गव ने आज स्वयं खरीफाटक रोड विदिशा में निवासरत 82 वर्षीय महिला मतदाता ललिता देवी महेश्वरी के घर पहुंचकर मतदान कराया है। मतदान प्रक्रिया के पहले कलेक्टर भार्गव ने वायोवृद्व महिला को फूल माला भेंटकर स्वागत कर संवाद कर उनके निर्वाचन आयोग की नवीन सुविधा की जानकारी से अवगत कराते हुए स्वास्थ्यवर्धक बने रहने की कामना की।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के परिपालन में पहली बार जिले के ऐसे मतदाता जो दिव्यांग हैं या 80 वर्ष से अधिक आयु के हो गए हैं शारीरिक रूप से असक्त होने के चलते वह मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान करने में सक्षम नहीं है उन्हें यह सुविधा घर पर ही उपलब्ध कराई गई है जिसका जिला निर्वाचन अधिकारी विदिशा के मार्गदर्शन में बखूबी पालन किया जा रहा है।
कलेक्टर भार्गव की देख-रेख में मतदान दल के सदस्यों द्वारा मतदान केन्द्र पर संपादित की जाने वाली प्रक्रिया की तर्ज पर समुचित कार्यवाही की । जिसमें बकायदा मतदाता ललिता महेश्वरी का मतदाता सूची में मिलान किया गया व मतदान के लिए ईपिक कार्ड के उपरांत बांई हाथ की अंगुली पर अमिट स्याही लगाई गई और मतदाता को डाकमत पत्र प्रदाय किया गया। मतांकन के उपरांत डाकमत पत्र को छोटे लिफाफे में सीलबंद करने के बाद घोषणा पत्र व छोटे लिफाफे को बडे लिफाफे के अन्दर रखकर सील बंद किया गया है।
सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया के दौरान विदिशा रिटर्निंग आफीसर व एसडीएम क्षितिज शर्मा तथा सहायक रिटर्निंग आफीसर व तहसीलदार अमित सिंह भी दल के साथ मौजूद रहें।