भोपाल। शहर की रवायत को कायम रखते हुए भाजपा उत्तर विधानसभा के प्रत्याशी आलोक शर्मा रविवार को तांगे पर प्रचार करने निकले। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अपने घरों से निकलकर जगह जगह उनका स्वागत किया। शर्मा को कहीं फलों से तौला तो कहीं भव्य आतिशबाजी कर फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में मुस्लिम महिलाएं बुर्के में घरों से निकली और प्रत्याशी आलोक शर्मा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कुछ महिलाओं ने खिड़की और बालकनी में आकर प्रत्याशी शर्मा का अभिवादन किया, फूल बरसाए। बुर्के में साथ चल रही महिलाओं ने टोली बनाकर क्षेत्र में लोगों को जागरूक किया।
आलोक शर्मा इमामी गेट, सैफिया कालेज रोड, मॉडल ग्राउंड, कबीटपुरा, इंद्रा नगर काजी कैंप क्षेत्रों में स्थानीय लोगों से मुलाकात करने पहुंचे थे। उल्लेखनीय है कि भोपाल शहर नवाबों का शहर रहा है। यहां की रवायत में तांगों का चलन पुराना है। भोपालियत में तांगे पर प्रचार और पटियों के बतोले बड़े फेमस रहे हैं। बकौल आलोक शर्मा उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत में तांगे और हाथ ठेले पर भी प्रचार किया। यह संस्कृति पुराने भोपाल के बाशिंदों को अब भी भाती है।
जनसंपर्क के दौरान मुस्लिम समुदाय के नवयुवकों ने श्आलोक शर्मा के वास्ते, खाली कर दो रास्तेश् नारे लगाए। इस दौरान युवा बड़े जोश और उत्साह में नजर आए। बड़ी संख्या में युवक भाजपा प्रत्याशी शर्मा के साथ चल समारोह में शामिल हुए। गौरतलब है कि पिछले तीस वर्षों से उत्तर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार है।