देवास। रविवार को चारों और दीपों के पर्व दीपावली की धूम रही। शाम होते ही बच्चों व बड़ों ने खूब पटाखे फोड़े। पूरा शहर रोशनी में जगमगा रहा था। इसके पहले सुबह से ही बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती रही। पांच दिवसीय दीपों उत्सव के तीसरे दिन ऐश्वर्य की देवी महालक्ष्मी का पूजन लोगों ने उत्साहपूर्वक किया।
दीप पर्व में लक्ष्मीपूजा का महत्व सबसे अधिक होने से घरों को लक्ष्मी पूजा के लिए सजाया गया था। आकर्षक रंग रोगन के साथ ही घर रोशनी से चमक रहे थे। दीपावली के दिन गेंदे के फूलों से बनी मालाओं की भारी मांग को देखते हुए जगह-जगह इनकी दुकानें लगी थी।
सामान्य दिनों के मुकाबले दीपावली के दिन भाव पांच गुना ज्यादा थे। जो गेंदे का हार 10 रुपए का मिलता है वो दीपावली के दिन 25 रुपए में बिका। इधर व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर दिन में महालक्ष्मी का पूजन हुआ। लक्ष्मी जी के साथ व्यापारियों ने श्री गणेश, कुबेर और सोने चांदी के सिक्कों का पूजन किया।
मीठा तालाब स्थित वृद्धाश्रम रेन बसेरा में बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक दीपावली का पर्व मनाया। इसके पहले वृद्धाश्रम प्रबंधक द्वारा सभी वृद्धाश्रम के बुजूर्गों के साथ लक्ष्मी पूजन कर आरती की गई। इस दौरान बुजूर्ग महिला-पुरुषों ने फुलझड़ी जलाकर दीपावली पर्व मनाया और एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी।