विदिशा। नियमित टीकाकरण के कार्यों के संपादन में विदिशा जिले को संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है साथ ही राज्य स्तर पर जिले को सातवीं रैंक हासिल हुई है।
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती माताओं एवं बच्चों को गंभीर जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु जो टीकाकरण किया जाता है उसकी राज्य स्तर से जिला एवं विकासखंड वार समीक्षा की गई थी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ योगेश तिवारी के निर्देशन एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर डीके शर्मा द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम अधिकारियों के साथ-साथ समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों, अर्बन नोडल अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के समन्वय पूर्वक किए गए प्रयासों से विदिशा जिले को भोपाल संभाग में प्रथम रैंक प्राप्त हुई है तथा राज्य स्तर पर सातवीं रैंक प्राप्त हुई है।
इस उपलब्धि के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ योगेश तिवारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ डीके शर्मा द्वारा समस्त सहयोगी अधिकारी, कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए निरंतर इसी तरह कार्यक्रम की उपलब्धि को बरकरार रखने के निर्देश दिए हैं।