सीहोर। विधानसभा निर्वाचन-2023 के तहत 17 नवंबर को पूरे प्रदेश में मतदान किया जाएगा। जिलेभर में शत-प्रतिशत मतदान के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी के निर्देश पर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है और मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिलेभर में मतदाता जागरूकता के लिए सेक्टर अधिकारियो, बीएलओ सहित बूथ अवेयरनेस दल के सदस्यों द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर उन्हें मतदान के लिए न्योता दिया जा रहा है। गांव-गांव में मतदाताओं के घर पहुंचकर पीले चावल देकर उन्हें मतदान के लिए आमंत्रित किया जा रहा है और शत-प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान दल द्वारा मतदाताओं को मतदाता पर्ची का वितरण करते हुए मतदान का समय और मतदान केन्द्रों की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जा रही है।