नीमच। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश में आज 16 दिसम्बर से आरंभ हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप जनहित और जनकल्याण के लिए आरंभ की गई यात्रा का क्रियान्वयन मोदी की गारंटी की साख और गरिमा के अनुरूप हो। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, लाभों और सुविधाओं के बारे में जागरूकता सुनिश्चित करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ की जा रही है। प्रमुख योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों, विशेष तौर से वंचित व आकांक्षी लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना, योजनाओं का प्रचार-प्रसार और जागरूकता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना और संभावित लाभार्थियों का चयन तथा नामांकन सुनिश्चित करना यात्रा का उद्देश्य है। 26 जनवरी 2024 को यात्रा का समापन गणतंत्र दिवस पर होगा।
सभी जिलों में यात्रा का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो-
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का सभी जिलों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता तैयारी की जाएं, कहीं पर भी यात्रा की औपचारिकता न पूरी करें। यात्रा के सभी रूटों पर जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएं। यह बात मुख्यमंत्री ने 15 दिसम्बर को सभी जिलों के जनप्रतिनिधियों से यात्रा के सफल आयोजन के संबंध में वर्च्युअल संवाद करते हुए कही। उन्होने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी व्यक्तिगत रूचि लेकर यात्रा में शामिल हों और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप सभी वंचित और पात्र व्यक्तियों तक यात्रा के लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और किसानों को यात्रा से जोड़ें : स्वस्थ जीवनशैली के लिए सभी को प्रेरित करें-
मुख्यमंत्री डॉ यादव 16 दिसम्बर को उज्जैन से आरंभ हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेंगे। डॉ यादव ने कहा कि यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाशक्ति और किसानों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाएं। विकसित भारत संकल्प यात्रा से फिट इंडिया के संदेश का भी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हों और जनसामान्य को पर्याप्त पोषण तथा एक्सरसाइज की आवश्यकता की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मोबाइल वैन के जिलों में भ्रमण के लिए रूट चार्ट तैयार करें और जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय सांसद, स्थानीय विधायक सहित अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएं।
यात्रा में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कृषि कार्यों के लिये ड्रोन प्रदर्शन भी होगा-विकसित भारत संकल्प यात्रा जनहितैषी योजनाओं पर केन्द्रित है। यात्रा के लिए ग्रामीण क्षेत्र की 19 तथा शहरी क्षेत्र की 15 योजनाएं चिन्हित हैं, इनमें स्वस्थ भारत मिशन, खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, उचित पोषण, गरीबों के लिए आवास, वित्त पोषण सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। योजनाओं की जानकारी और प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्येक जिले में ग्राम पंचायत तक मोबाइल वैन पहुँचेगी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी का उद्बोधन, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित होंगे। यह वैन सभी नगरीय निकायों में भी जाएगी तथा पम्पलेट, बुकलेट आदि वितरित करने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ लेने के लिए आवेदन, लाभ वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। योजनाओं के संबंध में जागरूकता के लिए क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन प्रदर्शन भी होगा। लाभार्थियों की व्यक्तिगत सफलता की कहानियों और उपलब्धियों को साझा करने के लिए "मेरी कहानी-मेरी जुबानी" जैसे कार्यक्रम होंगे तथा धरती कहे पुकार के, स्वच्छता गीत आदि जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ड्रोन प्रदर्शन द्वारा प्राकृतिक खेती, स्वाईल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
पूर्व मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से संवाद कर सभी ग्राम पंचायतों को यात्रा में कव्हर करने के लिए अतिरिक्त आईईसी वेन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। विधायक मनासा अनिरूद्ध मारू भी वर्चुअली मौजूद थे। नीमच के एनआईसी कक्ष में आयोजित इस वीडियों क्रांफ्रेंसिंग में विधायक जावद एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक नीमच दिलीप सिह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिह चौहान सहित सभी नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद एवं संयुक्त कलेक्टर राजेश शाह, बीएस अर्गल एवं सभी सीएमओ भी उपस्थित थे।