सेगांव। शनिवार को खंडवा बड़ोदा स्टेट हाइवे पर बोबलवाड़ी फाटे के समीप मोड़ पर तेज रफ्तार ओमनी वैन अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। बताया जा रहा है कि वेन क्रं. एमपी 09 बीडी 5202 खरगोन से जुलवानिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह करीब 12 बजे बोबलवाड़ी फाटे के समीप अनियंत्रित होकर रोड के दूसरी तरफ पलटी खा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना के दौरान वैन में एक ही परिवार के कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 3 बच्चे और एक महिला और 2 पुरूष शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वैन की स्पीड इतनी तेज थी कि वह अपनी साइड छोड़कर दूसरी तरफ जाकर पलटी और करीब 20 फिट दूर जाकर गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 पर ड्यूटी कर रहे पायलट दुलेसिंह निगवाल व डॉ छटिये मौके पर पहुंचे। पुलिस सिपाहियों ने राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार कर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
आपकों बता दें कि खंडवा बड़ोदा रोड कहने को तो स्टेट हाइवे है पर सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। जबकि इस सड़क की दुर्दशा के समाचार कई बार मीडिया में प्रकाशित हो चुके हैं। बावजूद एमपीआरडीसी के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।