उज्जैन। मध्यप्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आगाज महाकाल की नगरी उज्जैन से हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ गिनाते हुए कहा कि जहां दूसरों से उम्मीद खत्म हो जाती है, वहां मोदी की गारंटी शुरू हो जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद भी किया। मध्यप्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में इस यात्रा का आगाज हुआ है।
मध्यप्रदेश में उज्जैन के दशहरा मैदान पर हो रहे राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने मोदी की गारंटी नाम की वैन को हरी झंडी दिखाई। सीएम ने मंच पर पूर्व मंत्री पारस जैन के पैर भी छुए।
विकसित भारत संकल्प यात्रा कई शहर और हर पंचायत में जाएगी। इसके तहत जगह-जगह शिविर लगाए जाएंगे। 10 हजार की आबादी पर एक कार्यक्रम होगा। यात्रा के लिए एक रथ तैयार किया गया है। इसके जरिए जन कल्याण की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को होगा