शिवपुरी। न्यायालय द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित प्रताप सिंह प्रथम श्रेणी के नेतृत्व में स्कूल बसों की चेकिंग हेतु मोबाइल कोर्ट लगाया गया। जिसमें विभिन्न स्कूलों की लगभग 150 बसों को चैक किया गया। जांच में करीब 51 बसों में खामियां मिली।
वहीं रेलवे स्टेशन रोड़ स्थित सेंट चार्ल्स स्कूल की बस को मजिस्ट्रेट एवं यातायात प्रभारी द्वारा चेक किया गया। इस दौरान बच्चों द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी को बताया गया कि हमारी बस में बच्चे कई बार खड़े होकर आते हैं और अंकल से कुछ कहो तो वे हमे डाटते हैं। जब बरसात होती है तो बस में छत से पानी आता है, जिससे हमारे बैग और किताबें भीग जाती हैं। कई बार स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की गई, लेकिन प्रिंसिपल मैडम ने भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। इस पर अमित प्रताप सिंह काफी नाराज हुए और सेंट चार्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल को न्यायालय में हाजिर किया और उन्हें सख्त हिदायत दी है कि अगर अगली बार आपकी बसों में किसी प्रकार की कोई कमी या शिकायत मिली तो आपकी बसों को न्यायालय द्वारा सीज कर दिया जाएगा।