चित्तौड़गढ़। हर पात्र व्यक्ति तक सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए केन्द्र सरकार की ओर से शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा का शनिवार को सांसद सीपी जोशी सहित जनप्रतिनिधियों ने इन्दिरा गांधी प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आईईसी वैन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। जिलेभर में निकलने वाली इस यात्रा के तहत विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण करवा कर लाभान्वित किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी ने कहा कि सरकार की योजनाओं से वंचित पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। उन्होंने लोगों से यात्रा के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के गांव में आने पर उत्साह के साथ उसका स्वागत किया जावे।
कार्यक्रम में प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमन्त्री भजनलाल शर्मा द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान की शुरुआत का लाईव प्रसारण वीसी के माध्यम से इन्दिरा गांधी प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में किया गया। तत्पश्चात इन्दिरा गांधी प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम से आईईसी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर ऑडिटोरियम में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की स्टॉल भी लगाई गई।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सासंद सी पी जोशी , निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी , कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, बेगू विधायक सुरेश धाकड़, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत, अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक गोयल, प्रधान चित्तौड़गढ़ देवेंद्र कुंवर , अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी रामचंद्र खटीक, पूर्व जिला प्रमुख भेरू सिंह, उपजिला प्रमुख मिठू लाल जाट, नरेंद्र पोखरना, शिरीष त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि जिला सतरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इसके पश्चात सांसद सीपी जोशी सहित अतिथियों ने निंबाहेड़ा की ग्राम पंचायत ऊंखलिया में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत आयोजित शिविर का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को वंचित लाभार्थियों के डाटा कलेक्शन कर उनसे संपर्क कर पंजीकृत करवाने के लिए भी निर्देशित किया।