सीहोर। स्कूलों में अब छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं है। सीहोर में दो अलग-अलग ऐसे मामले समाने आए हैं जहां पर स्कूल ड्राइवरो ने 5 और 4 साल की बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाया है।
एक मामले में सेंट जॉर्ज स्कूल श्यामपुर में 5 साल की नाबालिक बच्ची को आरोपी ने अपनी हवस का शिकार बनाया और उसके साथ दुराचार किया। दुष्कर्म के बाद नाबालिक बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसका इलाज अभी तक जारी है।
वहीं दूसरा मामला सीहोर के भेरूंदा से सामने आया है, जहां मृणाचल गर्ल्स स्कूल में कक्षा पहली में पढ़ने वाली 4 वर्ष की नाबालिक बच्ची जब स्कूल से स्कूल वैन में अपने घर जा रही थी तो ड्राइवर ने रास्ते में उसके साथ छेड़खानी की। इस घटना की जानकारी लगते ही नाबालिक बच्ची के परिवार वालों ने महिला थाना सीहोर में शिकायत दर्ज कराई है।
इन दोनों ही मामलों में सीहोर पुलिस के आला अधिकारियों ने कैमरे के सामने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है। बहरहाल दोनों मामलों में पुलिस ने स्कूल वैन ड्राइवर के खिलाफ दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।