शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के सड़ गांव में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चार हथियारबंद बदमाशों ने तीन घरों में घुसकर बंदूकों का भय दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश तीन घरों से जेवरात सहित हजारों रूपये नकदी व सामान लूट कर अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाश सभी घरों में पहले अंदर घुसे, फिर लूटपाट कर घर के सदस्यों को कमरे में बंद कर अगले घर को निशाना बनाने चले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि चारों बदमाशों के हाथों में बंदूके थी। साथ ही वह डकैतों की वेशभूसा में फौजी कपडे पहने हुए थे। इसके अतिरिक्त कुछ बदमाश पहरेदारी के लिए घरों के बाहर खड़े हुए थे। बैराड़ थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक़ हथियारबंद बदमाश सबसे पहले ख्याली पुत्र जगन्नाथ आदिवासी (36) के घर में रात करीब 1 बजे घुसे। इस घर से बदमाश बैग में रखे 40 हजार रुपये, एक जैकेट व कम्बल ले गए। इसके बाद बदमाश सुखराम आदिवासी के घर में घुसे। यहां से बदमाश 500 ग्राम की चाँदी की करधोनी, दो पुरानी 500 ग्राम की पायल, एक मंगलसूत्र इसके अतिरिक्त दो मोबाइल और 15 हजार रूपये भी ले गए। इसके बाद बदमाश केपी सिंह आदिवासी के घर में घुसे। इस घर से बदमाश एक मोबाईल चोरी कर ले गये। बदमाशों द्वारा की गई इस लूट की वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है।