शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के चुनाव के बाद प्रथम बार शहडोल आगमन पर जन आभार यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में समर्थकों का सैलाब उमड़ा। विराट नगरी में मुख्यमंत्री का नागरिकों ने किया आत्मीय स्वागत किया।
आपकों बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जमुई हेलीपेड से सीधे पुराने पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय पहुंचे। जहां पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन कर छात्र छात्राओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संभागीय मुख्यालय के अम्बेडकर चौक से शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तक जन आभार यात्रा निकाली। मुख्यमंत्री के शहडोल पहुंचने पर ढोल ढमाकों तथा पुष्प वर्षा के साथ लाड़ली बहनों, महिला मोर्चा सहित कई सामाजिक संगठन, अन्य समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा जगह जगह आत्मीय स्वागत किया गया। उसके बाद मुख्यमंत्री पॉलिटेक्निक ग्राउंड पहुंचे। जहां से वन क्लीक से एक करोड़ 94 लाख रुपए का 14 जिलों के लिए आहार अनुदान राशि ट्रांसफर की एवं 29 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विशाल जनसभा को संबोधित किया और प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी का नाम लेते ही शरीर में करंट दौड़ने लगता है। मोदी के कारण ही राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर सभागार में संभागीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के बाद सीएम ने कहा कि शहडोल के विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार कोई कसर नही छोड़ेगी। बैठक में इसी बात पर चर्चा हुई कि कहां, क्या कमी रह गई है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह जमीन पर उतरे और जमीनी स्तर की समस्याओं का तत्काल निराकरण करें।