नीमच। समीपस्थ ग्राम पंचायत जयसिंहपुरा स्थित हवाई पट्टी रोड सर्किट हाउस के पास से आज प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई जेसीबी चला कर की गई। इस संबंध में प्रशासन द्वारा माह सितंबर 2023 में आदेश पारित किया गया था।
तहसीलदार संजय मालवीय ने बताया कि हमारे द्वारा अतिक्रमण कर्ताओं को सुनवाई का पर्याप्त मौका दिया गया। इन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए भी नोटिस जारी किये गये। सामान हटाने के निर्देश भी जारी किए। लेकिन जब अतिक्रमण करने वालों ने ध्यान नहीं दिया तब प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बताते चलें कि तहसीलदार संजय मालवीय और जागृति जाट की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान पटवारी, आरआई और पुलिस का अमला मौजूद रहा। प्रशासन के पास अतिक्रमण हटाने के बारे में लगातार शिकायत आ रही थी। यह भी बताया जा रहा है कि इन लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पहले ही मिल रहा था। अतिक्रमण करने वाले परिवारों ने मौके पर कार्रवाई का विरोध भी किया।