धार। उज्जैन में सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की मांग को लेकर तहसील से जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इस कडी में त्रिमूर्ति चौराहा स्थित सिविल लाइन पुलिस चौकी पर धार पाटीदार समाज ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार दिनेश उईके व सीएसपी को ज्ञापन सौंपा।
समाज के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णकांत पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल किसी विशेष समाज के नहीं हैं। उन्होंने देश के लिए काम किया इसलिए वे राष्ट्र की धरोहर हैं। 25 जनवरी को असामाजिक तत्वों ने सरदार पटेल की प्रतिमा तोड़ने के बाद आगजनी और पथराव किया जिसमें कई लोग घायल हुए। दुकानों में तोड़-फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। यह कृत्य घोर निंदनीय है और क्षमा योग्य नहीं है। यह घटना सर्व समाज का अपमान है। कृष्णकांत ने बताया कि समाज के लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि दोषियों पर रासुका के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। पाटीदार समाज ने दोषियों के मकानों पर बुल्डोजर चलाने तथा पटेल की प्रतिमा पुनः स्थापित कराने की मांग की। साथ ही मूर्ति तोड़ने में इस्तेमाल हुए ट्रैक्टर को राजसात करने की भी मांग की। समाज के लोगों ने तीन दिन में मांगे पूरी नहीं होने पर प्रदेश में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।