आगर मालवा। गुरुवार को उज्जैन जिले के माकड़ौन में असामाजिक तत्वों ने लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति को तोड़ दी थी। इससे पाटीदार समाज में आक्रोश है। समाज की मांग है कि इस तरह के कृत्य करने वाले असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई होना चाहिए। शनिवार को पाटीदार समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम सुसनेर अनुविभागीय अधिकारी को एक ज्ञापन दिया।
इसमें बताया कि कुछ असामाजिकतत्वों ने लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा ट्रैक्टर से बांधकर तोड़ी और साथ ही उपद्रियों ने दुकानों में तोड़फोड़ कर आगजनी कि और पथराव किया। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल किसी एक समाज के नहीं पूरे राष्ट्र की धरोहर है, यह कृत्य क्षमा करने जैसा नहीं है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर रासुका की कार्रवाई कर जेल भेजा जाए। अपराधियों के मकान तोड़े जाए। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को फिर स्थापित किया जाए। जिस ट्रैक्टर से सरदार पटेल की मूर्ति को तोड़ा, उसे भी राजसात किया जाए। समाज का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेश भर में आंदोलन किया जाएगा।