रतलाम। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय 28 जनवरी को जिलाध्यक्ष के रूप में पहली बार रतलाम आएंगे। उनके नगर आगमन पर महू रोड फव्वारा चौक से स्वागत रैली निकाली जाएगी। उपाध्याय रैली के रूप में पैलेस रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण करेंगे।
स्वागत रैली रविवार प्रातः 10.30 बजे महू रोड फव्वारा चौक से आरंभ होगी। यह रैली दिल बहार चौराहा, दो बत्ती, न्यु रोड, लोकेन्द्र टॉकीज, शहर सराय, धानमण्डी, गणेश देवरी, बजाज खाना, तोपखाना, चॉंदनीचौक, घांस बाजार, माणकचौक, डालू मोदी बाजार, पैलेस रोड होते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेगी। जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष उपाध्याय के पदभार ग्रहण करने के दौरान प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, डॉ. चिंतामणी मालवीय, मथुरालाल डामर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित रहेंगे।
कैबिनेट मंत्री काश्यप ने ली बैठक
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की स्वागत रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। काश्यप ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्वागत रैली एवं पदभार ग्रहण कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की।