खरगोन। कसरावद में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में माता भगवती देवी शर्मा एवं अखंडदीप के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में तहसील संगठन द्वारा क्षेत्र के 200 गांवों में श्रद्धा संवर्धन यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं के माध्यम से आमजन में श्रद्धा संवर्धन के साथ ही वृक्षारोपण का महती कार्य भी बखूबी किया जा रहा है।
जिस गांव में रथ यात्रा जाती है वहां शांतिकुंज से आए दिव्य शक्ति कलश एवं अखंड दीप के पूजन अर्चन के साथ ही गायत्री परिजनों द्वारा ग्रामवासियों को परम वंदनीया माता जी के जन्म शताब्दी वर्ष की याद में त्रिवेणी रोपण के लिए भावभरी प्रेरणाएं उभारी जा रही है। इसका सुखद परिणाम यह है कि यात्रा के अधिकांश गांवों में ग्रामीण इस महती कार्य के लिए सहज ही तैयार हो रहे हैं।
गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंध ट्रस्टी संजय शर्मा ने बताया कि गायत्री परिजनों द्वारा पौधारोपण का महत्व समझाने पर ग्रामीण पौधे की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने का खर्च भी आपसी सहयोग से वहन करने को तैयार हो रहे हैं। यात्रा के साथ चल रहे समयदानी कार्यकर्ता ग्राम भट्याण के जयराम पाटोदा व कसरावद के हरेसिंह मंडलोई बताते हैं कि यात्रा के शुरूआती दो दिनों में 10 गांवों कठोरा, माकड़खेड़ा, ब्राह्मणगांव, मोगावां, टिगरियांव, लेपा, दोगावां, मिर्जापुर, काकरियांव और रणगांव में त्रिवेणी रोपण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।