मंदसौर। गणतंत्र दिवस की संध्या में लोकतंत्र का लोकोत्सव भारत पर्व का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम, डीएफओ संजय, अपर कलेक्टर विशाल चौहान, लोक सेनानी पटवा ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ किया।
कार्यक्रम में जिले के स्थानीय कलाकारों एवं कला समूहों द्वारा नृत्य, गायन, वादन एवं अन्य आकर्षक व रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। ग्राम झोंकर जिला शाजापुर के रहने वाले प्रसिद्ध भजन गायक दिनेश कुमार धौलपुरे द्वारा मालवी लोक संगीत कबीर भजन की प्रस्तुति अपनी 10 सदस्य दल मंडली के द्वारा दिया गया। कलाकारों द्वारा वाद्य यंत्र, ढोल, मृदंग एवं देशभक्ति के नृत्य पर आकर्षक प्रस्तुती दी गई। उज्जैन की टीम द्वारा लोक नाट्य प्रस्तुत किया गया। देश भक्ति के गीतो ने श्रोताओं का मन मोह लिया। श्रोताओं ने मंत्रमुग्ध होकर इन सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रसास्वादन किया।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय मंदसौर द्वारा प्रदेश में हुए विकास की कहानी को दर्शाती विकास तथा छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। भारत पर्व कार्यक्रम का समापन देर शाम तक चला। कार्यक्रम में मंदसौर विधायक विपिन जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला अधिकारीगण व मीडिया प्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं शासकीय सेवक भी मौजूद थे।