भोपाल। ढोल नगाड़े, जय श्री राम के नारे और भक्तिमय माहौल के साथ भोपाल से भगवान रामलला के दर्शन के लिए 1344 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या से भोपाल स्टेशन पर सोमवार को वापस लौटा, दोपहर करीब 1ः20 बजे आस्था स्पेशल ट्रेन वापस लौटी है। इस दौरान यहां वापस लौटने वाले लोग कई तरह की भजन मंडलियों में भी दिखाई दिए। बता दें कि 16 फरवरी को यह ट्रेन भोपाल स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना हुई थी।
श्रीराम लला के दर्शन कर जीवन धन्य हो गया
अयोध्या से दर्शन कर लौटे राजीव वर्मा ने बताया कि सारी व्यवस्थाएं बहुत अच्छी थीं। ट्रेन से लेकर अयोध्या में रुकने और दर्शन करने की सारी व्यवस्था सराहनीय है। राम लला के दर्शन कर हमारा जीवन धन्य हो गया। हमें लगता था कि हम कभी श्रीराम जी का मंदिर बनते हुए नहीं देख पाएंगे, लेकिन सपना साकार हुआ। इसके अलावा एक अन्य श्रद्धालु नितिन राजपूत ने बताया कि हम लोग बहुत खुश हैं, मंदिर की स्थापना हो चुकी है, हम हिंदुओं के लिए ट्रेन चलाई गई है, जिसमें खाने पीने की व्यवस्था आदि सभी कुछ बेहतर है। एक बार हर व्यक्ति को यहां जाना चाहिए, बहुत ही विशाल और खूबसूरत मंदिर है।