नीमच। जिले में गोवंश की तस्करी रूकने का नाम ही नहीं ले रही है। ऐसा ही एक मामला आज फिर सामने आया है। इस बार रहवासियों ने ही गोवंश की तस्करी में पुर्यक्त ट्रक को जब्त कर पुलिस के हवाले किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवंश से ठसाठस भरा आयशर ट्रक नीमच के धनेरियाकलां क्षत्रे से गुजर रहा था। इसी दौरान रहवासियों ने इसे पकड़ लिया। सूचना के बाद तुरंत गौ सेवा दल के सदस्य और पुलिस मौके पर पहुंची। गोवंश से भरे आईशर ट्रक को गौशाला उपचार केंद्र पर लाया गया। इसमें से एक गोवंश की मौत भी हो गई। सौरभ पिता बालमुकुंद सरगरा निवासी कानवन नागदा और राहुल पिता इंदर सिंह बादरी निवासी थाना सादलपुर आयशर ट्रक क्रमांक एमपी 09 जीएफ 4252 के माध्यम से अवैध ढंग से 16 गोवंश लेकर राजस्थान के गंगवासा से धार ले जा रहे थे। तभी धनेरिया कला में क्षेत्रवासियों की निगाह गोवंश से भरे ट्रक पर पड़ी, तो ड्राइवर और उसके साथी सौरभ व राहुल को धर दबोचा। इसकी सूचना गौ सेवा दल के मितेश अहीर और उसके साथियों व पुलिस को दी गई। जब ट्रक का डाला खोला तो करीब 5 गोवंश छूट कर निकल गए। 11 गोवंश को गौ सेवा दल के सदस्य पुलिस के साथ गौशाला में लाए। जिसमें से एक की मौत हो चुकी थी, एक घायल था। बघाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है। थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।