नीमच। नीमच के उपनगर बघाना थाना अंतर्गत चीताखेड़ा रोड़ स्थित गांव आसपुरा में अवैध रूप से परिवहन कर रहा गोवंश से भरा ट्रक आज ग्रामीणों और पुलिस की मदद से पकड़ा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोधपुर से 17 गोवंश से भरा ट्रक इंदौर जा रहा था। तभी गांव आसपुरा में ग्रामीणों की नजर ट्रक पर पड़ी। ट्रक को रोककर बघाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गौरक्षक भी वहां पहुंच गए। ट्रक को तुरंत गौ सेवा दल की गौशाला में पहुंचाकर गोवंश को यहां उतारा गया। ट्रक ड्राइवर गंगाराम पिता आमेटा जाट निवासी खायड़ा जिला जोधपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ट्रक क्रमांक आरजे 21 जीसी 4577 को जप्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया गया है। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। बताते चलें कि 2 दिन पूर्व भी अवैध रूप से गौवंश ले जा रहे एक ट्रक को धनेरिया कला में क्षेत्रवासियों द्वारा पकड़ा गया था।