कोटा। कोटा से नीट की तैयारी कर रही स्टूडेंट का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने लड़की के पिता के वॉट्सऐप नंबर पर इसकी जानकारी दी। साथ ही, लड़की की फोटो भी भेजी। उसमें लड़की के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए हैं। छात्रा को छोड़ने के एवज में 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। लड़की मध्य प्रदेश के शिवपुरी की रहने वाली है।
पुलिस मंगलवार सुबह करीब सवा दस बजे पिता को कोचिंग इंस्टीट्यूट लेकर गई है। कोचिंग ने छात्रा के रजिस्ट्रेशन से इंकार किया है। अब पुलिस पिता और इंस्टीट्यूट वालों से आमने-सामने बात करेगी।
शिवपुरी के बैराड़ निवासी रघुवीर धाकड़ ने कोटा के विज्ञाननगर थाने में रिपोर्ट दी है। उनका शिवपुरी इलाके में ही प्राइवेट स्कूल है। रिपोर्ट में रघुवीर ने पुलिस को बताया कि मेरी 20 साल की बेटी काव्या धाकड़ का अपहरण कर लिया गया है। सोमवार दोपहर 03 बजे मेरे मोबाइल पर एक नंबर से वॉट्सऐप पर बेटी की किडनैपिंग का मैसेज आया था। बेटी के हाथ-पैर और मुंह बंधा फोटो भी बदमाशों ने भेजी थी। कुछ फोटो में बेटी के चेहरे पर खून भी नजर आ रहा है।
फोटो भेजने वाले ने मैसेज में लिखा था की रघुवीर की बेटी को किडनैप कर लिया गया है। उसे जिंदा छोड़ने के एवज में 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। मैसेज भेजने वाले ने बैंक खाते की डिटेल भी भेजी है। सोमवार शाम तक रुपए जमा करने को कहा था। मैंने इतने रुपए नहीं होने और बंदोबस्त करने के लिए समय मांगा। इसके बाद मैसेज भेजने वाले ने बेटी को जान से मारने की धमकी दी। मैंने फौरन कोटा पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस को फोटो और मैसेज भेजकर मैं खुद शिवपुरी से कोटा के लिए रवाना हो गया। सोमवार रात को मैं कोटा पहुंच गया था।
रघुवीर ने रिपोर्ट में बताया कि बेटी को सितंबर 2023 में नीट की तैयारी के लिए कोटा छोड़कर गए थे। विज्ञान नगर इलाके में स्थित एक कोचिंग संस्थान में उसका एडमिशन करवाया था। इसी इलाके में उसे रूम भी दिलवाया था। आखिरी बार बेटी दीपावली पर घर आई थी। उससे रोज फोन पर बात होती थी। रविवार रात को भी बेटी की उसकी मां से बात हुई थी। तब उसने एग्जाम देकर आने की बात कही थी।