चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के सामने ट्रैफिक सिग्नल लाइट्स काफी समय से बंद पड़ी हुई है। इस संबंध में कई बार नगर परिषद को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद लाइट व्यवस्था नहीं सुधरी। इधर तेज गर्मी शुरू हो गई है ऐसे में चौराहे पर तैनात ट्रैफिक जवान गर्मी में परेशान रहते हैं। शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम कलेक्ट्रेट चौराहे पर यातायात का दबाव बना रहता है, ऐसे में वहां तेज गर्मी और भरी दुपहरी में भी ट्रैफिक व्यवस्था के लिए तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी गर्मी में बहाल होते देखे जा सकते हैं। अभी तो गर्मी की शुरुआत है, आगामी भीषण गर्मी के दौर में व्यवस्था के लिए तैनात जवानों का क्या हाल होगा। शहर के कलेक्ट्रेट चौराहे पर यह आलम है तो शहर के अन्य चौराहों पर क्या हाल होगा सहज अंदाज लगाया जा सकता है। क्या नगर परिषद मानवीय दृष्टिकोण और जिम्मेदारी के मध्य नजर उचित कदम उठाएगी।