हरदा। जिले की खिरकिया तहसील मुख्यालय के वॉर्ड नंबर 11 व 12 की महिलाएं रविवार को रिहायशी इलाके में खुलने वाली शराब दुकान के खुलने के पहले ही उसे हटाए जाने को लेकर अनिश्चिकालीन धरने पर बैठ गई है।
महिलाओं ने धरने के दौरान देशी शराब हटाए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की है। महिलाओं का कहना है कि यदि मोहल्ले में शराब की दुकान खुल जाती है तो वहां से उनका निकलना मुश्किल होगा। जैसे ही महिलाओं को वार्ड में शराब दुकान खुलने की जानकारी लगी वैसे ही महिलाओं और वार्ड के लोगों ने छीपाबड़ थाने पहुंचकर टीआई से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।
वार्ड की महिलाओं का कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोली जाना प्रस्तावित है। उसके पास मंदिर है। वहीं आस-पास लोगों के मकान भी हैं। वहीं इसी रास्ते से बच्चों का स्कूल आना जाना है। वार्ड के पार्षद सुरेंद्र आठनेरे का कहना है कि यदि यहां पर शराब दुकान खोली जाती है तो उसके विरोध में चक्काजाम किया जाएगा।